नोएडा के फेस—2 स्थित सेक्टर—81 में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक निजी कंपनी की रक्षा उपकरण एवं इंजन टेस्ट फैसिलिटी का लोकार्पण किया। राजनाथ सिंह ने कहा कि यह कंपनी देश की सबसे बड़ी रक्षा उपकरण एवं ड्रोन निर्माण इकाई है। उन्होंने कंपनी के सीईओ एवं चेयरमैन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत का मजबूत स्वरूप अब नोएडा में भी दिखाई दे रहा है। आने वाले समय में नोएडा देश की प्रगति में और अधिक सशक्त भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि यह कंपनी 2017 में मात्र 10 सदस्यों से शुरू हुई थी और आज 600 से अधिक युवा इंजीनियर इसमें कार्यरत हैं। आने वाले समय में यह इकाई 5000 से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएगी। उत्तर प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की स्थिति कमजोर और कानून व्यवस्था खराब थी। उद्यमियों को अपने उद्योग स्थापित करने में अनेक परेशानी होती थी। उन्होंने कहा कि आज की परिस्थितियों में ड्रोन को युद्ध नीति में शामिल करना अनिवार्य हो गया है। उन्होंने कहा कि “देश का भविष्य नवाचार के हाथों में है। भारत ने मेडिकल, कृषि और आईटी क्षेत्र में उल्लेखनीय पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि नोएडा में बने ड्रोनों को अमेरिका और चीन भी नहीं पकड़ पाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शस्त्र और शास्त्र के समन्वय से ही राष्ट्र मजबूत होता है और यूपी रक्षा उत्पादन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। नोएडा को डिफेंस हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा को नई ऊंचाई मिलेगी। आज की बढ़ती हुई चुनौतियों को देखते हुए रक्षा क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर का सामना करने के लिए अत्याधुनिक ड्रोन निर्माण के साथ एयरक्राफ्ट इंजन एंड डिफेंस एयरोस्पेस टेस्ट फेसिलिटी विकसित की गई है। पहले हमें दुनिया पर निर्भर रहना पड़ता था, डाटा कैप्चर कर दुश्मन हमें पंगु बनाने की कोशिश करता था, अब ऐसा नहीं होगा।