सीतापुर : पुलिस पर धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाकर रविवार की शाम से अपने आवास पर आमरण अनशन पर बैठे कांग्रेस के सांसद राकेश सिंह राठौर ने 18 घंटे बाद अपना फैसला वापस लिया। नगर कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय पर सांसद ने धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया था और लोहारबाग में अपने आवास पर आमरण अनशन पर बैठ गए थे।
“नहीं चलेगी ढिलाई” – जनता दर्शन में योगी का बड़ा संदेश, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
सांसद राकेश सिंह राठौर ने बताया कि वह एक निजी कार्यक्रम के तहत महोली के बछवल जा रहे थे, जहां जाने से पुलिस उनको रोक रही है। सांसद के अनशन पर बैठने की जानकारी होने पर कांग्रेस कार्यकर्ता जुटने लगे। रात में पूर्व जिलाध्यक्ष उत्कर्ष अवस्थी को भी घर पर ही पुलिस ने रोक दिया। रात में अपर पुलिस अधीक्षक-उत्तरी आलोक सिंह ने सांसद से अनशन समाप्त करने को कहा, लेकिन वह नहीं माने।
सिटी मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पांडेय और एसडीएम सदर जर्नादन ने सोमवार सुबह सांसद से वार्ता की और अपर पुलिस अधीक्षक भी पहुंचे। पुलिस के गलती स्वीकारने के बाद सांसद ने अनशन समाप्त कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक-उत्तरी आलोक सिंह ने बताया कि नगर कोतवाल के व्यवहार से सांसद आहत थे। उनकी सारी आपत्तियों का निस्तारण करा दिया गया है और उन्होंने अनशन समाप्त कर दिया है।
