सीतापुर : सीतापुर में शनिवार सुबह होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों के साथ बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिधौली कस्बे के नेशनल हाईवे पर हुए इस हादसे में दो अभ्यर्थियों समेत कुल चार लोग घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य परीक्षार्थियों व परिजनों में चिंता का माहौल बन गया।

वर्दी में दिखा चोर, पेट्रोल पंप पर सो रहे गार्ड का मोबाइल लेकर CCTV में हुआ कैद

जानकारी के अनुसार, हरियाणा रोडवेज की एक बस सुबह सिधौली हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान आगे चल रहे दो बाइक सवार अभ्यर्थियों को बचाने के प्रयास में बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे बस बाइक से टकरा गई। टक्कर के कारण दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। बस के पीछे आ रहा एक ट्रक समय रहते ब्रेक नहीं लगा सका और बस से जा टकराया। इस टक्कर के बाद पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने पहले ट्रक को टक्कर मार दी, जबकि एक मैजिक वाहन भी आकर इन वाहनों से भिड़ गया। इस तरह चार वाहन एक के बाद एक टकरा गए, जिससे हाईवे पर जाम और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

सीतापुर होमगार्ड परीक्षा में सख्ती: जेवरात और जूते उतरवाकर दिया गया प्रवेश, सुरक्षा जांच कड़ी

घायलों में बख्शी का तालाब क्षेत्र निवासी करण सिंह (पुत्र राम किशोर) और हैप्पी सिंह (पुत्र अजीत कुमार) शामिल हैं, जो परीक्षा देने जा रहे थे। इनके अलावा ट्रक चालक वसीम पटेल और मैजिक चालक प्रांशु सिंह (निवासी बरगदिया) भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।