Sitapur News: शिवरतनगंज के सेमरौता-कठोरा मार्ग पर शनिवार को दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। बेटे के घायल होने की खबर पाकर लखनऊ के अस्पताल में भर्ती पिता ने सदमे में कुछ देर बाद ही दम तोड़ दिया। दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। गंगानगर मजरे दांदुपुर निवासी मुजीब के मुताबिक उनका बेटा अरमान शनिवार दोपहर किसी काम के सिलसिले में सेमरौता जा रहा था। सेमरौता-कठोरा मार्ग पर नैया नाले के निकट सामने से आ रही बाइक से बेटे की बाइक टकरा गई।
सीतापुर में दर्दनाक हादसा: शादी से लौट रहे परिवार को ट्रक ने कुचला, मां-बेटे समेत 3 की मौत
हादसे में मोहम्मद अरमान (18) और दूसरी बाइक पर सवार हरिहरपुर मजरे फूला निवासी मोहम्मद कैफ (15) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्वशासी मेडिकल कॉलेज तिलोई ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अरमान को मृत घोषित कर दिया। कैफ की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। उधर, कैफ के पिता कलीम लखनऊ के एक निजी अस्पताल में हृदय रोग का इलाज कराने के लिए भर्ती थे। हादसे में बेटे के घायल होने की सूचना मिलते ही वह सदमे में आ गए। और कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई। एसओ दयाशंकर मिश्रा ने बताया कि अरमान के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है।
प्रधान की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। एसओ ने बताया कि घटनास्थल पर हेलमेट नहीं मिला है। सिर पर गंभीर चोटें आने के कारण युवक की जान नहीं बच सकी। अरमान की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां जरीना का रो-रोकर बुरा हाल है। छोटा भाई रहमान गुमसुम है और पिता मुजीब भी सदमे में हैं। उधर कैफ के पिता की मौत से उनके परिवार में भी शोक का माहौल है।
