प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 और 29 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह वाराणसी और हरदोई में कई बड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। साथ ही हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। यह दौरा विकास, कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सीतापुर में भीषण सड़क हादसा: कार-ई रिक्शा की टक्कर में 1 की मौत, 8 घायल

वाराणसी में महिला सम्मेलन और जनसभा को करेंगे संबोधित

प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को शाम करीब 5 बजे वाराणसी पहुंचेंगे, जहां वह महिला सम्मेलन में भाग लेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ विकास योजनाओं पर भी फोकस रहेगा।

1,050 करोड़ से अधिक की 48 परियोजनाओं का लोकार्पण

वाराणसी दौरे के दौरान PM मोदी 1,050 करोड़ रुपये से अधिक की 48 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें सड़कों के चौड़ीकरण, रेल ओवरब्रिज और सीवेज शोधन संयंत्र जैसी कई प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं से शहर की आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी।

5,300 करोड़ की 112 परियोजनाओं का शिलान्यास

इसके अलावा प्रधानमंत्री लगभग 5,300 करोड़ रुपये की लागत वाली 112 से अधिक परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें जलापूर्ति और सीवरेज योजनाएं, 500 बेड का बहु-विशेषज्ञता अस्पताल, पर्यटन विकास, घाटों का पुनर्विकास और कई प्रशासनिक ढांचों का निर्माण शामिल है।

36,230 करोड़ की लागत से बना गंगा एक्सप्रेसवे होगा राष्ट्र को समर्पित

प्रधानमंत्री हरदोई में 36,230 करोड़ रुपये की लागत से तैयार गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक तेज और सुगम संपर्क स्थापित करेगा।

10-12 घंटे की यात्रा अब 6 घंटे में पूरी

गंगा एक्सप्रेसवे के शुरू होने से मेरठ से प्रयागराज के बीच यात्रा समय 10-12 घंटे से घटकर लगभग 6 घंटे रह जाएगा। यह एक्सप्रेसवे प्रदेश में तेज रफ्तार संपर्क का नया नेटवर्क तैयार करेगा।

12 जिलों को जोड़ेगा एक्सप्रेसवे

यह एक्सप्रेसवे मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज समेत 12 जिलों को जोड़ेगा। इससे इन क्षेत्रों में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

2 साल पहले हुई थी शादी, पति के बयान ने मचाई हलचल तो खड़े हुए एक्ट्रेस के कान, खुलेआम मंगवाई माफी

आधुनिक तकनीक और सुरक्षा सुविधाओं से लैस मार्ग

6 लेन (भविष्य में 8 लेन) वाले इस एक्सप्रेसवे को अत्याधुनिक तकनीक और सुरक्षा मानकों के साथ विकसित किया गया है। इसमें 437 अंडरपास, 76 बड़े पुल, 21 फ्लाईओवर और आधुनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं। एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की गई है।