रामनगरी अयोध्या से मुम्बई के लिए नई रेल सेवा शुरू होने जा रही है। जिससे यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने दावा किया है कि उनके प्रयास से यह सौगात अयोध्या को मिली है। उन्होंने इस संबंध में एक पत्र सोशल मीडिया पर भी पोस्ट की है। मिली जानकारी के अनुसार अयोध्या से मुम्बई के बीच आधुनिक सुविधाओं से युक्त अमृत भारत एक्सप्रेस (संख्या 22111/22112) का संचालन 28 अप्रैल से प्रारंभ किया जाएगा। बताया जा रहा कि बनारस से दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस मौके पर अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
यह ट्रेन साप्ताहिक रूप से संचालित की जाएगी। जिससे नियमित यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। कार्यक्रम की तैयारी के मद्देनजर शनिवार को डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने अयोध्या धाम जंक्शन का दौरा किया और मातहतों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। यह ट्रेन लगभग 1500 किलोमीटर की दूरी लगभग 26 घंटे 20 मिनट में तय करेगी। यह साप्ताहिक ट्रेन होगी।
ट्रेन अयोध्या धाम,→ सुल्तानपुर,→ प्रयागराज,→ जबलपुर व अन्य स्टेशनों से होकर मुंबई तक जाएगी। इसमें बेहतर सीटिंग/बर्थ, एलईडी लाइटिंग, सीसीटीवी, सुधरी हुई हाइजीनिक टॉयलेट की सुविधा रहेगी। यह स्लीपर और अनारक्षित कोच से युक्त रहेगी।
